देश के 13 राज्यों में कोरोना की तेज रफ्तार

-5 स्टेट में 60 प्रतिशत से ज्यादा नए केस
-संसद में केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताई स्थिति  

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को संसद के समक्ष देशभर में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कोरोना वायरस के कुल पॉजिटिव केस, एक्टिव केस की संख्या, स्वस्थ मरीजों और डेथ रेट के विषय में जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत में बेशक कोरोना की रफ्तार तेज है, मगर स्थिति बेहतर है। उन्होंने दावा किया कि कोरोना के नए केस और मौतों पर रोक लगाने में सफलता मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस वक्त कोरोना के नए मामले और मौतें 13 राज्यों में ज्यादा सामने आ रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, असम, केरल और गुजरात शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना के हालात पहले से सुधरे हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर 77 हजार 512 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। देशभर में 37,80,107 मरीज अब तक कोरोना को मात दे चुके हैं। ऐसे में रिकवरी रेट 78 प्रतिशत हो गया है। 60 प्रतिशत से ज्यादा नए केस महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु से आ रहे हैं। मरीजों का उपचार करने के लिए पर्याप्त मात्रा में कोरोना किट, दवाएं और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 48 लाख 46 हजार 428 हो गई है। वर्तमान में 9 लाख 86 हजार 598 एक्टिव केस हैं। 37 लाख से ज्यादा मरीज रिकवर हो चुके हैं। भारत में कोरोना की वजह से अब तक 79 हजार 722 मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 92 हजार से ज्यादा केस आए हैं। इसके अलावा 1 हजार 136 मरीजों की मौत हुई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने संसद में कहा कि भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर 3 हजार 328 नागरिक कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। जबकि प्रति 10 लाख पर मौतों का आंकड़ा 55 है। उन्होंने कहा कि कोरोना से प्रभावित दुनिया के देशों में यह सबसे कम है।