वैक्सीनेशन से पहले और बाद में न छलकाएं जाम
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत के साथ विशेषज्ञ कुछ जरूरी एहतियात बरतने पर जोर दे रहे हैं। इसमें शराब के सेवन से परहेज करने पर भी बल दिया गया है। हालांकि इस मुद्दे पर विशेषज्ञों की अलग-अलग राय सामने आ रही है। शराब के सेवन से कोरोना वैक्सीन बेअसर हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना वैक्सीन लगवाने से पहले और बाद में विभिन्न सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इन्हीं में से सावधानी शराब से दूरी बनाए रखने की है। दरअसल शराब का इम्यूनिटी पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इससे रोगों से लड़ने की क्षमता कमजोर हो जाती है। कोरोना वैक्सीन इम्यूनिटी पर काम करती है, इसलिए विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन लगवाने से पहले और कुछ दिनों बाद तक शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। रूस के स्वास्थ विशेषज्ञों का मानना है कि स्पुतनिक वी वैक्सीन लगवाने के 2 सप्ताह पहले और 6 सप्ताह बाद तक शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। हालांकि वैक्सीन निर्माता डॉ. अलेक्जेंडर गिंटबर्ग ने वैक्सीन लगवाने से पहले और बाद में 3 दिन तक एहतियात बरतने को कहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि एक ग्लास शैंपेन से किसी की सेहत पर कोई नुकसान नहीं होता है। उन्होंने कहा कि इतनी कम मात्रा में शैंपेन लेने से इम्यून सिस्टम पर भी इसका कोई असर नहीं होता है। इसी प्रकार ब्रिटेन के स्वास्थ विशेषज्ञ कहते हैं कि वैक्सीन लगवाने के एक दिन पहले और एक दिन बाद तक शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। बता दें कि भारत में दूसरे चरण में 30 करोड़ नागरिकों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार को कहा कि कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद सभी एहतियात बरतना जरूरी है। इनमें मास्क का प्रयोग और 2 गज की दूरी जैसे कदम भी शामिल हैं।
















