गाजियाबाद। शहर में नगर निगम की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का प्रयास जारी है। इसी क्रम में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने स्वयं ज्ञानी बार्डर पर पहुंच कर मौके पर जमीन की पैमाइश कराई। दिल्ली से लगी इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में है। उल्लेखनीय है कि शहर की सीमा में कई हजार वर्ग मीटर भूमि पर भू-माफिया का कब्जा है।
इसे खाली कराने के लिए नगर निगम का प्रवर्तन विभाग और संपत्ति विभाग सक्रिय भूमिका अदा कर रहा है। निगम को सूचना मिली थी कि कई साल से ज्ञानी बॉर्डर पर कई हजार वर्ग मीटर जमीन पर भू-माफिया द्वारा कब्जा किया गया है। शिकयत पर नगरायुक्त आज अधिकारियों के साथ ज्ञानी बॉर्डर पहुंचे।
यहां पहुंच कर उन्होंने निगम की 6000 वर्ग मीटर भूमि खाली कराई। पैमाइश के बाद प्रवर्तन दल सहित निगम के अधिकारियों ने भू-माफिया को चेतावनी देकर छोड़ दिया। भविष्य में इस भूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए जमीन की फेसिंग कराई जाएगी। इस मौके पर अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे, प्रवर्तन दल प्रभारी दीपक शरण, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ संबंधित पार्षद व अन्य टीम सहित तहसीलदार परिवर्धन शर्मा उपस्थित रहे। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया। राजेंद्र नगर के उद्योगपतियों द्वारा अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराया गया, जिसमें स्वास्थ्य, प्रकाश व निर्माण विभाग की समस्याएं सामने आईं। नगरायुक्त ने इन समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया तथा औद्योगिक बंधुओं को भी सहयोग देने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर के.के. शर्मा व पवन शर्मा आदि उपस्थित रहे।
















