-नगर निगम के स्वच्छता अभियान की भागीदार बनेंगी शहर की 27 महिलाएं
गाजियाबाद। स्वच्छतोत्सव 2023 के साथ नवरात्र पर्व को जोड़ते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता के लिए काम करने वाली 27 महिलाओं को 9 श्रेणियों में नवदेवी सम्मान से सम्मान्नित किया गया। नवरात्र के नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इस बार सरकार नगरीय क्षेत्रों में इन नौ दिनों में स्वच्छता के क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर रही है। नव देवी सम्मान में 27 ऐसी महिलाएं जो कहीं ना कहीं नगर निगम के साथ जुड़कर शहर हित में कार्य करती हैं उनको सम्मानित किया गया।
एसबीएम नोडल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि सोमवार को निगम सभागार में नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नव देवी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें चयनित 27 महिलाओं को अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा लंच बॉक्स भेंट किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं नगर निगम की योजनाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर शहर हित में जन जागरूकता में सहयोग करती हैं। जोकि सराहनीय है, जिसके फलस्वरूप इनका चयन करते हुए कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।

नगर निगम ने नवदेवी सम्मान समारोह के अंतर्गत प्रथम मां शैलपुत्री श्रेणी के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह के रूप में कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। मां ब्रह्मचारिणी वेस्ट टू वेल्थ के अंतर्गत अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुएं बनाई जा रही हैं, चयनित 3 महिलाओं को सम्मानित किया गया। मां चंद्रघंटा श्रेणी के अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन से उद्यमी के लिए महिलाओं को सम्मानित किया गया। मां कुष्मांडा सफाई मित्र के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। मां स्कंदमाता मास्टर ट्रेनर के रूप में सम्मानित किया गया।
मां कात्यायनी नवाचार के रूप में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मां कालरात्रि सामुदायिक खाद बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। मां महागौरी निकायों का सुंदरीकरण साफ सफाई स्वच्छता के कार्यों में जनभागीदारीता बढ़ाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। मां सिद्धिदात्री महिलाओं द्वारा समुदाय को स्वच्छता के संदर्भ में जागरूक किया जा रहा है। उनको सम्मानित किया गया। इस प्रकार कार्यक्रम मेंं 9 श्रेणियों में 27 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मातृशक्तियों ने की नगर आयुक्त के कार्यों की सराहना
नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की चर्चा भी कार्यक्रम के दौरान की गई। जिसमें राघव स्वयं सहायता समूह से बीना गुप्ता, न्यू शक्ति संस्थान से रिचा बल्लभ, नेचर मॉक फाउंडेशन से साधना, न्यू आर्य नगर समिति से संध्या त्यागी, रोटरी क्लब से कविता गौड़, बिग स्माइल फाउंडेशन से सिमरन राधवा ने अपने विचार रखते हुए नगर निगम द्वारा मजबूती से शहर में किए जा रहे सौंदर्य करण तथा स्वच्छता के कार्य के बारे में चर्चा की और नगर आयुक्त के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा जिस तरह से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर आयुक्त द्वारा जो कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। नगर आयुक्त के कार्यों से लोग स्वच्छता के प्रति जागरुक हो रहे है। हमारा भी प्रयास यही रहता है कि नगर निगम के कार्यों में अपना योगदान देकर लोगों को सफाई के प्रति जागरुक करें।
















