-शहर के पांच मुख्य मंदिरों पर अयोध्या कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार नगर निगम प्रकाश विभाग द्वारा शहर के कई मुख्य चौराहों, शाहिद स्थलों, निगम के कार्यालयों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शहर के सभी क्षेत्र को प्रकाश युक्त किया गया। इसी क्रम में चौधरी मोड़ से विजयनगर जाते हुए आरओबी फ्लाईओवर पर तिरंगे की लाइट लगाई गई। 22 जनवरी एवं 26 जनवरी के अवसर पर जवाहर गेट घंटाघर, शहीद चंद्रशेखर मूर्ति स्थल, डासना गेट, दिल्ली गेट, बालिका इंटर कॉलेज चंद्रपुरी, डॉ श्यामा मुखर्जी पार्क, नगर निगम मुख्यालय, समस्त जोनल कार्यालयों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। जो सभी में एक उत्साह भर रही हैं, आकर्षण का केंद्र बन रही है। शहर के सभी मंदिरों में भी सजावट देखने को मिल रही है। नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की और अग्रसर है। जिसमें महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के कुशल नेतृत्व में निगम के समस्त विभाग बढ़-चढ़कर कार्यवाही कर रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया शहर के पांच मुख्य मंदिरों पर अयोध्या का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। सिटी जोन के अंदर दूधेश्वर नाथ मंदिर पर, मोहन नगर जोन के अंतर्गत मोहन नगर मंदिर पर, कविनगर जोन के अंतर्गत शंभू शिव मंदिर पर, वसुंधरा जोन के अंतर्गत रघुनाथ मंदिर और विजयनगर में भी बड़ी एलइडी लगाई जाएगी। जिसके लिए नजारत प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर में हर जगह महोत्सव का माहौल है। जिसमें नगर निगम बढ़-चढ़कर भूमिका निभा रहा है। साफ सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्रतिदिन धार्मिक स्थलों और शहीद स्थलों की सफाई, प्रमुख चौराहों की सजावट, प्रमुख स्थलों की सजावट व अन्य कार्य निगम अधिकारी उत्साह पूर्वक कर रहे हैं।

















