-अवैध रूप से लगे विज्ञापनों के विरुद्ध अभियान चलाकर करें कार्यवाही: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग पोस्टर शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं। शहर में ऐसा कोई चौक चौराहा नहीं जहां अवैध होर्डिंग्स की भरमार न हो। अवैध होर्डिंग व यूनी पोल लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। शहर में होर्डिंग का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। बधाई संदेशों के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, शैक्षिक संस्थाओं, निजी नर्सिंग होम, राजनीतिक दलों के होर्डिंग शामिल है। शहर की सड़कों के किनारे अवैध रूप से लगे होर्डिंग और फ्लेक्स के खिलाफ नगर आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने अभियान चलाकर कार्रवाई तेज कर दी है। इस दौरान नगर निगम के द्वारा इस तरह की प्रचार सामग्री को हटाकर जब्त कर लिया। मुख्य सड़क मार्ग पर लगे होर्डिंग और फ्लेक्स से दुर्घटना होने का भी अंदेशा बना रहता है, क्योंकि मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े होर्डिंग और फ्लैक्स लगे रहते हैं, जोकि सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपनी तरफ देखने को आकर्षित करते हैं। इससे कई वाहन चालक अपना ध्यान भटक कर हादसे का शिकार हो सकता है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा विज्ञापन प्रभारी एवं अन्य टीम को शहर में अवैध रूप से लगे हुए होर्डिंग, विज्ञापन पट हटाने के निर्देश जारी किए हैं। संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, पल्लवी सिंह विज्ञापन प्रभारी एवं समस्त जोन के प्रभारी टीम बनाकर शहर से अवैध विज्ञापन के विरुद्ध कार्यवाही करेंगे। जिसके लिए प्रवर्तन दल भी सहयोग में रहेगा। नगर आयुक्त द्वारा प्रतिदिन अवैध हटे होर्डिंग की रिपोर्ट भी मांगी गई है। जिसके लिए रोस्टर बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम सीमा अंतर्गत अवैध होर्डिंग/यूनीपोल/विज्ञापन पट हटाने के लिए विशेष कार्यवाही शुरु हो गई। इसी क्रम में रविवार को कवि नगर जोन के अंतर्गत वृहद स्तर पर कार्यवाही करते हुए आरडीसी, राज नगर, हापुड़ चुंगी, संजय नगर, गोविंदपुरम तथा कलेक्ट्रेट पर अवैध रूप से लगे हुए होर्डिंग यूनीपोल को हटाया गया। अभियान के दौरान 70 किओस्क, 34 होर्डिंग हटाए गए। नगर निगम की टीम प्रतिदिन अलग-अलग जोन में विशेष अभियान चलाते हुए अवैध यूनीपोल को हटाएगी। जिसकी शुरुआत कवि नगर जोन से हो चुकी है। जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग निगम को प्राप्त हो रहा है। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम शहर की सुंदरता तथा स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयासरत है।

नगर आयुक्त
नगर आयुक्त ने बताया शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग/यूनीपोल/विज्ञापन पट को हटाने के लिए नगर निगम की टीम को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। साथी प्रतिदिन होने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी गई है। अवैध होर्डिंग/यूनीपोल/विज्ञापन पट हटाने के बाद भी अगर दोबारा से होर्डिंग/यूनीपोल/विज्ञापन पट पाया गया तो संबंधित के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए एफआईआर भी दर्ज कराया जाएगा। शहर की सुंदरता से खिलवाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
















