पुलवामा शहीद दिवस पर निगम ने वीर जवानों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

-शहर के कई शहीद स्थलों पर चलाया महा सफाई अभियान

गाजियाबाद। 14 फरवरी पुलवामा शहीद दिवस पर बुधवार को नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार शहर के कई शहीद स्थलों पर महा सफाई अभियान के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों सामाजिक संस्थाओं एवं क्षेत्रीय निवासियों के साथ मिलकर शहीदों को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। पार्कों की सफाई, शहीद स्थलों की सफाई, शहीदों की मूर्तियों की सफाई एवं कैंडल मार्च निकालते हुए पुलवामा शहीद दिवस पर वीर जवानों को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, एसबीएम टीम, एचआरआईटी कॉलेज के विद्यार्थी, सुनहरी दिशा एनजीओ के पदाधिकारी व अन्य संस्थाएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

जिनके द्वारा शहीद स्मारक पार्क, नाविक मार्केट शहीद स्थल, नया बस अड्डा शाहिद मेट्रो स्टेशन व अनेकों स्थान पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। महा सफाई अभियान के क्रम में विशेष सफाई की गई। जन-जन को स्वच्छता का संदेश दिया गया और पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए 44 वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहर के अनेकों क्षेत्र वासियों ने प्रतिभाग किया। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार शहर में एसबीएम टीम जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों को कर रही है और जन जागरूकता अभियान चला रही है। शहीदों की मूर्तियों पर माला अर्पित कर गाजियाबाद नगर निगम ने देशभक्ति के नारे भी लगाए।