निगम ने व्यापारियों के साथ चलाया प्लास्टिक मुक्त अभियान

-दुकानदारों से की शहर को प्लास्टिक फ्री रखने की अपील

गाजियाबाद। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी जोन के व्यापारिक क्षेत्रों में जाकर प्लास्टिक फ्री अभियान चलाया गया। मोहन नगर जोन के बाजारों में जाकर निगम की टीम द्वारा प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया और लोगों से अपील की गई शहर को प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए सहयोग करें।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार मोहन नगर जोन के श्याम पार्क एक्सटेंशन मार्केट को प्लास्टिक फ्री किया गया। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए टारगेट बनाते हुए बाजारों को भी प्लास्टिक फ्री किया जा रहा हैं। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जनभागीदारीता भी सुनिश्चित कराई जा रही है। जिसमें व्यापारी वर्ग को भी साथ लेकर डोर टू डोर दुकानदारों के पास जाकर पॉलिथीन व अन्य प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील की जा रही है।

नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के आयोजन से ना केवल व्यापारी वर्ग का सहयोग मिल रहा है। व्यापारियों द्वारा अपनी श्याम पार्क एक्सटेंशन की मार्केट को प्लास्टिक फ्री करते हुए एक पत्र भी चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर को दिया गया। जिसमें उनके द्वारा घोषणा की गई है कि उनका मार्केट पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त किया गया है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों का भी विशेष सहयोग नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्य में मिलने लगा है।