निगम टीम ने डूंडाहेड़ा में 200 करोड़ रुपए की 40 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त

-रिक्त भूमि का शहर हित में होगा इस्तेमाल, सदन की बैठक में होगा निर्णय

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम की टीम ने सोमवार को डूंडाहेड़ा क्रॉसिंग क्षेत्र में कब्जा की गई 40 हजार वर्ग मीटर जमीन को बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त करा लिया। नगर निगम टीम ने कब्जा मुक्त कराई गई इस जमीन की करीब 200 करोड़ रुपए कीमत हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई निरंतर की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह ने संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा,प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, देवेंद्र चौधरी व विजयनगर जोनल प्रभारी और प्रवर्तन दल टीम के साथ ग्राम डूंडाहेड़ा में 40 हजार वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।

नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ संपत्ति प्रभारी अरुण कुमार यादव ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देशानुसार निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। ग्राम डूंडाहेड़ा में अभियान चलाया गया। डूंडाहेड़ा में खसरा संख्या-122, 123, 129, 304, 305, 306/7, 307, 308 में सरकारी जमीन करीब 40 हजार वर्ग मीटर को कब्जा मुक्त कराया गया। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के दौरान कब्जा करने वालों लोगों ने जमकर विरोध किया। मगर प्रवर्तन दल और पुलिस टीम ने उन्हें शांत कर दिया।

कब्जा करने वालों ने उक्त भूमि पर अपने पट्टे  बताए। जबकि इन पट्टे को एसडीएम द्वारा निरस्त किया जा चुका है। हाईकोर्ट में भी यह लोग केस हार चुके है। नगर निगम टीम ने अभियान चलाते हुए जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। नगर आयुक्त ने निगम की रिक्त भूमि को इसी प्रकार अभियान चलाते हुए कब्जा मुक्त करने के निर्देश दिए गए है। नगर निगम की इस रिक्त भूमि को शहर हित में ही इस्तेमाल में ली जाएगी। इसका निर्णय नगर निगम सदन की बैठक में लिया जाएगा।