-वसुंधरा जोन में निगम ने चलाया अवैध अतिक्रमण अभियान
गाजियाबाद। बारिश में शहर के नालों की गंदगी जब सड़कों पर होगी तो लोग संक्रमण के भी शिकार हो सकते हैं। मानसून में होने वाले जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम अपनी तैयारियां बहुत पहले ही शुरू कर दी थी। मगर लोगों द्वारा किए गए कई जगह नालों पर अतिक्रमण भी सफाई में बाधा बना हुआ है। अवैध कब्जे और अतिक्रमण के कारण नालों की सफाई करने में नगर निगम कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर में दो दर्जन से ज्यादा ऐसे नाले है, जिन पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। नगर निगम द्वारा किए गए नोटिस के बाद भी अवैध अतिक्रमण और रैंप नहीं हटाने वालों पर निगम का बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। नगर आयुक्त के निर्देशन में सोमवार को वसुंधरा जोन अंतर्गत अवैध अतिक्रमण अभियान चलाया गया। जिसमें अवैध रूप से बने हुए खोखे व पक्की दुकानों को भी हटाया गया।
इसी क्रम में आवश्यकता को देखते हुए नालों पर हुए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया गया। साथ में क्षेत्रीय निवासियों और वार्ड-54 पार्षद सत्येंद्र पाल सिंह द्वारा निगम की कार्रवाई में सहयोग किया गया। वसुंधरा जोनल प्रभारी एसके राय ने बताया वार्ड संख्या-54 वसुंधरा सेक्टर-1 और 3 में नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अभियान चलाया गया। वनस्थली स्कूल के दोनों तरफ अभियान चलाया गया। जिसमें नालों की सफाई भी साथ-साथ कराई गई। स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से किए अतिक्रमण और रैंप को बुलडोजर द्वारा हटाकर स्वास्थ्य विभाग ने पोकलेन के माध्यम से नाले की सफाई की गई। साथ ही चेतावनी दी गई अगर दोबारा अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा।
नगर निगम द्वारा निरंतर नालों की सफाई के लिए वैध रैंप पर भी हटाई जा रहे हैं। नगर आयुक्त द्वारा स्वयं सभी क्षेत्रवासियों से नालों पर हो रहे पक्के निर्माण को हटाने के लिए अपील भी की है। साथ ही टीम को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए नालों की सफाई के लिए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा गया। मानसून से पहले चल रहे नालों की सफाई के कार्य को देखते हुए क्षेत्रीय निवासी भी नगर निगम का सहयोग बढ़-चढ़कर कर रहे हैं। मौके पर जोनल कार्यालय की टीम के साथ-साथ वसुंधरा क्षेत्र के निर्माण से अवर अभियंता गंगवार तथा स्वास्थ्य टीम से एसएफआई हिमांशु उपस्थित रहे।

















