गाजियाबाद। शहर में हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी हैं। गुरुवार को नगर निगम के वंसुधरा जोन अंतर्गत अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। जिसमें जोनल प्रभारी एसके राय, एस.एफ.आई. हिमांशु व अन्य प्रवर्तन दल टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। साथ ही पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाते हुए अवैध रूप से पर्यावरण को प्रदूषित कर रही कोयला भट्टी को बंद कराते हुए 1 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जोनल प्रभारी एसके राय ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत लोगों को प्लास्टिक के इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों को भी वेस्ट से बेस्ट बनाने के लिए मोटिवेट किया जा रहा है। प्लास्टिक के बहिष्कार के लिए अपील की जा रही है। वसुंधरा जोन के क्षेत्र में जन सहयोग से अभियान चलाया गया। जिसमें अवैध अतिक्रमण में 52000, पॉलिथीन मुक्त में 39000, कोयला भट्टी पर 10000 का जुर्माना वसूला गया। एसबीएम टीम द्वारा भी पॉलिथीन मुक्त अभियान को लेकर मुख्य चौराहों पर जन जागरूकता के कार्यक्रम कराए जा रहे हैं और शहर को पूर्ण रूप से सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के लिए निगम की कार्यवाही तेजी से चल रही है।

















