गंदे पानी से परेशान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

गाजियाबाद। शहर के वार्ड नंबर 72 में गंदे पानी की सप्लाई की वजह से लोगों को तमाम दिक्कत और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अहम बात यह है कि यह समस्या आज से नहीं पिछले लंबे समय से चलती आ रही है। जिसके बावजूद निगम प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। सोमवार को क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह को पत्र लिखकर समस्या के निस्तारण की मांग की। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने बताया कौशांबी प्लॉट एरिया में काफी लंबे समय से गंदे पानी की शिकायत आ रही है।

नगर निगम के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बाद भी इस विषय पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गर्मी का समय है, गंदे पानी की वजह से बीमारियां फैलने का डर लगा रहता है। ऐसा ना हो कभी इंदिरापुरम की तरह यहां भी लोग दूषित पानी से बीमार पड़ जाए। एक उच्च स्तरीय टीम बनाकर इस समस्या का समाधान किया जाए। जिससे क्षेत्र के लोगों को गंदे पानी की समस्या से निजात मिल सकें। वहीं जीएम जलकल केपी आनंद ने बताया पार्षद की शिकायत का जल्द ही समाधान किया जाएगा। स्वच्छ जल की आपूर्ति के लिए जलकल विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है।