काउंटिंग : एमएलसी चुनाव के लिए मतगणना

देर शाम तक आएंगे नतीजे, विभिन्न दल बेचैन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतगणना आरंभ हो गई है। निर्वाचन आयोग ने देर शाम तक अंतिम परिणाम आने की उम्मीद जाहिर की है। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद हैं। मतगणना के दरम्यान कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा है। चुनाव नतीजों पर विभिन्न राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए एक दिसम्बर को मतदान कराया था। स्नातक और शिक्षक सीट के लिए यह चुनाव कराए गए थे। चुनाव मैदान में 199 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी। वीरवार की सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना का काम शुरू हो गया। देर शाम तक चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद है। पहले शिक्षक बाद में स्नातक निर्वाचन के परिणाम आएंगे। सूबे के अलग-अलग जनपदों में मतगणना कराई जा रही है। उप्र एमएलसी के खंड स्नातक और खंड शिक्षक क्षेत्र की 11 सीटों के लिए औसत 55.47 प्रतिशत मतदान हुआ था। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र राय के मुताबिक आगरा खंड स्नातक में 41.56 प्रतिशत, इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक में 41.10 प्रतिशत, लखनऊ खंड स्नातक में 36.74 प्रतिशत, मेरठ खंड स्नातक में 42.86 प्रतिशत, वाराणसी खंड स्नातक में 39.33 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। भाजपा-कांग्रेस, सपा और शिक्षण संगठनों के समर्थित प्रत्याशियों ने इस चुनाव में भाग्य आजमाया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस चुनाव से खुद को दूर रखा। मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच माना जा रहा है। भाजपा और सपा को उम्मीद है कि वह एमएलसी चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगी। उधर, मतगणना केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया है। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर सभी जरूरी एहतियात बरते जा रहे हैं। गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर से भी इस चुनाव में कई प्रत्याशी उतरे हैं। प्रत्याशियों के समर्थकों को भी चुनाव परिणाम का बेसब्री से इंतजार है।