क्रिकेटर कपिल देव को हार्ट अटैक, हालत स्थिर

दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में आईसीयू में भर्ती

नई दिल्ली। महान भारतीय क्रिकेटर कपिल देव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। दिल का दौरा पडऩे के बाद उन्हें दिल्ली में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने कपिल की एंजियोप्लास्टी की है। फिलहाल देव की हालत स्थिर है। उधर, इस खबर ने कपिल देव के प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। मां दुर्गा से उन्हें लंबी आयु देने की कामना की जा रही है। महान क्रिकेटर कपिल देव को वीरवार की देर रात हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली के ओखला में फोर्टिस अस्पताल में ले जाया गया। देर रात करीब एक बजे उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया। कपिल देव को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बाद में डॉक्टरों ने उनकी इमरजेंसी एंजियोप्लास्टी की। फोर्टिस अस्पताल के मुताबिक कपिल देव अभी आईसीयू में हैं। डॉ. अतुल माथुर और उनकी टीम कपिल की देख-रेख कर रही है। कपिल की हालत स्थिर है। पहले से वह बेहतर स्थिति में हैं। उन्हें कुछ दिनों में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। कपिल की तबीयत बिगड़ने से पूरा परिवार एकाएक सकते में आ गया है। उधर, क्रिकेटर के प्रशसंक भी काफी चिंतित हैं। अपनी कप्तानी में भारत को पहला वनडे वल्र्ड कप दिलाने वाले कपिल देव की गिनती विश्व के दिग्गज ऑलराउंडरों में की जाती है। कपिल देव की कप्तानी में भारत ने वर्ष 1983 में पहली बार वल्र्ड कप जीता था। कपिल ने इंटरनेशनल करियर में 131 टेस्ट और 225 वनडे मैच खेले। उनके नाम टेस्ट में 5248 रन और 434 विकेट दर्ज हैं। वनडे इंटरनेशनल करियर में कपिल ने 3783 रन बनाने के साथ 253 विकेट भी लिए हैं। कपिल ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वेस्ट इंडीज के खिलाफ 1994 में खेला था। यह मैच फरीदाबाद में खेला गया था।