दाऊद और संजय दत्त का मुरीद हाशिम बाबा अरेस्ट

दिल्ली पुलिस ने 6 लाख के इनामी को दबोचा

नई दिल्ली। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त से प्रभावित कुख्यात बदमाश हाशिम उर्फ बाबा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 6 लाख रुपए का इनामी यह बदमाश काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। पकड़े जाने के दौरान भी हाशिम ने पुलिस पर गोलियां चलाकर भागने की नाकाम कोशिश की, मगर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। शाहदरा के सुभाष पार्क में बुधवार को करीब पौने 6 बजे पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपराधी हाशिम उर्फ बाबा की गिरफ्तारी की गई। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पी.एस. कुशवाह के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हाशिम उर्फ बाबा के घर के पास जाल बिछाया। हाशिम को तड़के अपनी पत्नी के घर से बाहर आते देखा गया। पुलिस की मौजूदगी को भांपकर हाशिम ने गोली चला दी। इसके कुछ समय के लिए दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। पुलिस का कहना है कि 6 लाख रुपए का इनामी हाशिम बाबा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त से प्रभावित था। वह संजू बाबा की तरह दिखने को उनके स्टाइल को कॉपी करता था। दिल्ली के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में गैंगवार में कुछ मर्डर हो चुके हैं। इन वारदातों हाशिम का हाथ था। इस गैंगस्टर को काफी समय से पुलिस तलाश रही थी। हत्या के अलावा लूट और रंगदारी के भी कई मामलों में वह फरार चल रहा था। पुलिस मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल 8 राउंड गोली चलीं, जिसमे से 3 राउंड हाशिम बाबा ने और 5 राउंड पुलिस ने चलाई। इनमें से एक गोली हाशिम के बाएं पैर में लगी है। पुलिस ने एक फ़ोन कॉल इंटरसेप्ट किया था, जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि हाशिम बाबा शाहदरा के सुभाष पार्क में अपनी पत्नी से मिलने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने संबंधित क्षेत्र में ट्रैप लगा दिया।