उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वार्षिक उत्सव स्प्रीस्टा 25 के दूसरे दिन गुरुवार को उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला। दिन की शुरुआत उच्च जोश से भरपूर नृत्य, गायन प्रतियोगिताओं और लघु नाटिकाओं से हुई, जिसमें छात्रों की प्रतिभा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहले दिन की खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए, जिसमें विभिन्न कॉलेजों के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पारंपरिक और समकालीन कलाओं का सुंदर मिश्रण देखने को मिला। नृत्य और संगीत के हर प्रदर्शन में छात्रों की ऊर्जा और जुनून झलक रहा था। कार्यक्रम ने छात्रों की बहुआयामी कलात्मक अभिव्यक्ति को दर्शाया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह बना रहा। अब सभी की नजरें 21 फरवरी को होने वाले स्प्रीस्टा 25 के ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं, जहां शिव चौधरी और अजय हुडा की स्टार नाइट मुख्य आकर्षण होगी। अंतिम दिन के लिए छात्रों और उपस्थित दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। यह उत्सव प्रतिभा, मनोरंजन और सौहार्द का भव्य संगम साबित होने वाला है।
वॉलीबॉल: बालिका वर्ग में केसीसी और बालक वर्ग में जीबीयू विजेता बने।
बास्केटबॉल: लड़के और लड़कियों दोनों वर्गों में जीबीयू की टीम ने जीत दर्ज की।
कबड्डी: लड़कों में जीबीयू, बालिकाओं में एनआईईटी ने बाजी मारी।
रस्साकसी: लड़कों में एनआईईटी और लड़कियों में आईएमएस विजेता रहे।
खो-खो: दोनों वर्गों में आईआईएमटी की टीम ने जीत हासिल की।
100 मीटर दौड़: बालिका वर्ग में एचआईएमटी की फज्र सादात कावूसा प्रथम और एनआईईटी की अभिज्ञा बासनेत उपविजेता रहीं, जबकि बालक वर्ग में एक्यूरेट के सचिन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और आईटीएस के अश्वनी तोमर दूसरे स्थान पर रहे।
शतरंज: एचआईएमटी के देवेंद्र ने खिताब जीता।
कैरम: जीएल बजाज के ऋषव कुमार विजेता बने।
बैडमिंटन: बालक वर्ग में आईआईएमटी के सृजन गुप्ता, बालिका वर्ग में एनआईईटी की नंदिनी ने जीत दर्ज की।
रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन
दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण रचनात्मक प्रतियोगिताएं रहीं, जिनमें पोस्टर मेकिंग, रंगोली, डिबेट, क्विज़, एक्सटेम्पोर और मेहंदी प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के उत्साह और नवीनता ने न्यायाधीशों और दर्शकों को प्रभावित किया, जिससे एचआईएमटी के छात्रों की कलात्मक उत्कृष्टता सामने आई।



















