शर्मनाक : दलित लड़की से गैंगरेप, 2 गिरफ्तार

पीड़िता को जबरन कार में बिठाकर ले गए आरोपी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर में दलित नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक जनपद अम्बेडकर नगर के जलालपुर थानांतर्गत मलिकपुर छितौनी गांव में यह वारदात सामने आई है। 2 युवकों ने दलित लड़की को खेत में ले जाकर जबरन गैंगरेप किया। विरोध करने पर लड़की के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। बाद में पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। हरकत में आई पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक 2 युवक दलित लड़की को बलपूर्वक स्कॉर्पियो कार में बिठा कर ले गए। बाद में खेत में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी रफूचक्कर हो गए। तदुपरांत पीड़िता ने घर आकर परिवार को आपबीती सुनाई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। बता दें कि सूबे में महिलाओं और किशोरियों के साथ वारदात रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ समय पहले हाथरस में दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था। जिस पर काफी बवाल मचा था। उस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। वारदात में संलिप्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। हाथरस गैंगरेप और हत्या केस के कारण योगी सरकार को विपक्ष के तीखे हमलों का सामना करना पड़ा था। कई दिनों तक हाथरस राजनीति का अखाड़ा बना रहा था। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को लेकर विपक्ष अक्सर सरकार के खिलाफ हमला बोलता रहता है।