शायर मुनव्वर राणा की बेटी ने ज्वाइन की सपा

बसपा से निष्कासित नेता भी साइकिल पर सवार

लखनऊ। मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में मंगलवार को उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली। इसके अलावा बसपा से निष्कासित 2 नेता भी साइकिल पर सवार हो गए हैं। इनमें पूर्व विधायक रमेश गौतम और गोंडा से पूर्व सांसद प्रत्याशी मसूद आलम खान शामिल हैं। सभी को सपा प्रमुख अखिलेश ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। शायर मुनव्वर राणा की बेटी के सपा में आने की चर्चाएं कुछ दिनों से खूब चल रही थीं। इन चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में झूठे मुकदमों में नागरिकों को फंसाया जा रहा है। इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो काम कभी लोकतंत्र में नहीं हुए, वह काम आज भाजपा कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष-2022 में चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। छोटे दलों के साथ गठबंधन किया जाएगा। उन्होंने किसान आंदोलन के बहाने भी भाजपा पर तंज कसा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार निरंतर कहती है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देगी, मगर भाजपा वाले बताएं किसानों को एमएसपी कहां मिला ? सरकार बताए कि किस किसान को सही मूल्य मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। नोटबंदी, जीएसटी, लॉक डाउन सभी फैसलों ने नागरिकों का भरोसा तोड़ा है। प्रदेश में जितनी भी मंडी बन रही हैं, उन्हें बंद कर दिया गया, जो मंडियां सपा सरकार में बन गईं, उसके अलावा भाजपा ने एक ईंट नहीं लगाई। मुजफ्फरनगर दंगों में केस वापस लेने पर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार जिस पर से चाहे मुकदमे वापस ले सकती है।