-शिकायतकर्ताओं से सीधी मुलाकात कर सुनी समस्याएं, विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उत्तरदायी पुलिसिंग का मूल मंत्र बन चुका है। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देशानुसार धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त नगर ने अपने कार्यालय में गुरुवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत सीधे तौर पर शिकायतकर्ताओं से मुलाकात की। पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जनता से सीधा संवाद और जमीनी स्तर की समझ ही कुशल पुलिसिंग की पहचान है। उन्होंने अपनी विशिष्ट कार्यशैली के अनुसार शिकायतकर्ताओं को न केवल पूरी गंभीरता से सुना, बल्कि प्रत्येक मामले की गहराई तक जाकर समाधान के ठोस निर्देश भी जारी किए। नगर क्षेत्र में संवाद में धैर्य, रवैये में दृढ़ता और निर्णय में पारदर्शिता यही उनकी पहचान बनती जा रही है।
शिकायत सुनने के पश्चात डीसीपी ने संबंधित अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए कि हर मामले का गुणवत्तापूर्ण समाधान हो, निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए प्रत्येक शिकायतकर्ता को समाधान की स्पष्ट जानकारी दी जाए, यह निर्देश सिर्फ प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि एक जवाबदेह और संवेदनशील पुलिस प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय हैं। यह पहल गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के उस दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसमें पुलिस को जनता का सहयोगी और संरक्षक के रूप में स्थापित किया जा रहा है। शहर के विभिन्न वर्गों से आए लोगों ने धवल जायसवाल की सुनने की तत्परता और समाधान की गंभीरता की सराहना की।
एक शिकायतकर्ता ने कहा कि डीसीपी साहब ने जिस ध्यानपूर्वक ढंग से बात सुनी और तुरंत संबंधित को निर्देश दिए, उससे भरोसा जागा है कि अब बात केवल फाइलों तक नहीं, समाधान तक पहुंचेगी। आज जब आमजन और प्रशासन के बीच संवादहीनता की शिकायतें आम हैं, गाजियाबाद पुलिस का यह कदम एक नई उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। धवल जायसवाल जैसे अधिकारी इस बदलाव के अग्रदूत हैं, जो कुशल नेतृत्व, मानवीय दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता से कानून व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस आयुक्त के दिशा-निर्देशानुसार, हमारा प्रयास है कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को सुना जाए और उनकी समस्या का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और समाधान प्रदान करने वाला सहयोगी तंत्र है। हमारा उद्देश्य है कि हर शिकायतकर्ता को यह विश्वास हो कि पुलिस उसके साथ है और कार्रवाई पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावशाली है।
















