संगठन का समर्पित सिपाही, समाज सेवा का उजाला: सौरभ जायसवाल को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी

– 24 वर्षों की निस्वार्थ सेवाओं का मिला सम्मान, बने अखिल भारतीय जायसवाल महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
– पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप के प्रतिनिधि और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी का भी बखूबी निभा रहे दायित्व
– समाज, संगठन और सेवा की त्रिवेणी से सौरभ जायसवाल ने रचा अपना विशिष्ट स्थान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। संगठन और समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पण की मिसाल बन चुके सौरभ जायसवाल को अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी (2025-2028) में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राजनीतिक गतिविधि प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों का दायित्व सौंपा गया है। यह नियुक्ति उनके दशकों से किए गए अथक परिश्रम, सामाजिक प्रतिबद्धता और संगठनात्मक कुशलता का परिणाम है। अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जुडऩे पर सौरभ जायसवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर मोदी और महामंत्री डॉ शैलेन्द्र जायसवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महासभा द्वारा जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करुंगा।
सौरभ जायसवाल का नाम गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि देश-प्रदेश की भाजपा संगठनात्मक संरचना और वैश्य समाज में एक सम्मानजनक पहचान बन चुका है। वे बीते 24 वर्षों से भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते आ रहे हैं, जिनमें मंडल अध्यक्ष, महानगर कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी और प्रदेश स्तर के पद शामिल हैं। यही नहीं, विभिन्न समितियों और मंचों पर भी उन्होंने अपने विचारों व कार्यों से लोगों का विश्वास जीता है। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप के प्रतिनिधि हैं और भाजपा ओबीसी मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका कार्य केवल पद तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन से जुड़ा हुआ है समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने की ललक उनके हर काम में झलकती है।

समाज से जुड़ाव और नेतृत्व क्षमता
जायसवाल समाज सहित सम्पूर्ण वैश्य समाज में उनके योगदान को कभी नकारा नहीं जा सकता। समाज के लिए कार्य करते हुए उन्होंने हजारों युवाओं को प्रेरित किया, अनेक सामाजिक योजनाओं को आगे बढ़ाया और कई सामाजिक संघर्षों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। अखिल भारतीय जायसवाल महासभा में उन्हें जो नई भूमिका दी गई है, वह न केवल उनके कार्यों की स्वीकृति है, बल्कि यह भी संकेत है कि अब वे राष्ट्रीय स्तर पर समाज और राजनीति को नई दिशा देने जा रहे हैं।

सम्मान से नहीं रुकते सौरभ, यह तो अगली जिम्मेदारी की है तैयारी
सौरभ जायसवाल को जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने उसे केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक मिशन की तरह निभाया। यही कारण है कि वे हर संस्था की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। उनकी सादगी, कार्यकुशलता और सेवा-भावना उन्हें भीड़ से अलग करती है।