भारतीय सेना की तैयारियों की समीक्षा भी की
दार्जिलिंग। देशभर में आज विजयदशमी पर्व की धूम है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के कारण भव्य स्तर पर आयोजन और भीड़ जुटने पर प्रतिबंध है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दशहरा पर्व सैनिकों के साथ मना रहे हैं। वह दार्जिलिंग में हैं। रक्षा मंत्री ने विजयदशमी पर्व के मौके पर दार्जिलिंग के सुकना वॉर मैमोरियल पर शस्त्र पूजा की। इसके अलावा फॉरवर्ड ब्लॉक में सेना की तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया। ट्वीट में उन्होंने बताया कि वह 2 दिन के पश्चिम बंगाल और सिक्किम दौरे पर हैं और दार्जिलिंग के लिए निकल रहे हैं। वहां फॉरवर्ड एरिया का दौरा करने के साथ सैनिकों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सिक्किम में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा निर्मित सड़क का उद्घाटन भी करेंगे। एलएसी पर पहली बार शस्त्र पूजा की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं भी दी हैं। दार्जिलिंग के सुकना वॉर मैमोरियल पर शस्त्र पूजा करने के बाद उन्होंने फॉरवर्ड ब्लॉक में सेना की तैयारियों को परखा। उधर, देशभर में आज दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) की वजह से इस बार दशहरा महोत्सव का स्वरूप भी बदल गया है। रामलीला मैदानों में अपार भीड़ के बीच रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतलों के दहन की परंपरा इस बार नहीं निभाई जा रही है। कोरोना की दृष्टि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। कोरोना काल में दशहरा महोत्सव की रस्म अदायगी से नागरिक मायूस जरूर हैं, मगर वह कोरोना संकट की गंभीरता को समझ कर अपनी जिम्मेदारी का भी बखूबी पालन कर रहे हैं। मेला स्थलों पर भीड़-भाड़ जुटने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया गया है। दरअसल विशेषज्ञों ने सर्दी के मौसम में कोरोना का प्रकोप बढऩे की चेतावनी दी है।















