दिल्ली हिंसा : इनामी इकबाल सिंह गिरफ्तार

स्पेशल सेल ने पंजाब के होशियारपुर से दबोचा

नई दिल्ली। दिल्ली हिंसा में पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू के बाद अब इकबाल सिंह की गिरफ्तारी हुई है। इकबाल पर 50 हजार का इनाम घोषित था। वह दिल्ली से भाग कर पंजाब में छुप गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के होशियारपुर से इकबाल को दबोचा है। वह मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला है। इकबाल पर लाल किला परिसर में उपद्रवियों को उकसाने और धार्मिक ध्वज फहरवाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। दिल्ली से फरार होने के बाद पुलिस ने इकबाल पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। गिरफ्तारी से बचने को वह पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने गत 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाली थी। उस दौरान बड़ी तादात में प्रदर्शनकारी जबरन लालकिला में घुस गए थे। लाल किला की प्राचीर पर धार्मिक ध्वज भी फहरा दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने संगीन धाराओं में उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। दिल्ली पुलिस ने 8 उपद्रवियों पर इनाम भी घोषित कर दिया था। पुलिस ने दिल्ली हिंसा में फरार पंजाबी फिल्मों के अभिनेता दीप सिद्धू को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। सिद्धू पर एक लाख का इनाम था। फरारी के दौरान वह फेसबुक के जरिए निरंतर वीडियो मैसेज जारी कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि सिद्धू अपनी एक करीबी मित्र के जरिए सोशल मीडिया पर वीडियो डाल रहा था। सिद्धू की महिला मित्र कैलिफोर्निया में रहती है। दीप सिद्धू वीडियो बनाकर महिला मित्र को भेजता था। बाद में वह सिद्धू के फेसबुक अकाउंट से उन्हें अपलोड करती थी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि कुछ और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश चल रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।