अभिनेता दीप सिद्धू पर एक लाख का इनाम
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली हिंसा में संलिप्त उपद्रवियों पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू हो गया है। दिल्ली पुलिस ने 8 उपद्रवियों पर इनाम घोषित किया है। इनमें पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू भी शामिल हैं। सिद्धू पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाली गई थी। ट्रैक्टर रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर तोड़-फोड़ एवं मारपीट की गई थी। कुछ उपद्रवियों ने पुलिस के जवानों को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास भी किया था। इसके अलावा हिंसक भीड़ ने लालकिले में घुसकर हुड़दंग मचाया था। वहां धार्मिक ध्वज फहरा दिया गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने 33 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की थीं। पुलिस ने अब 12 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं। 8 उपद्रवियों पर इनाम घोषित किया गया है। दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह पर 1-1 लाख रुपए का और जजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू हिंसा के दरम्यान लालकिला परिसर में मौजूद थे। वहीं, सरकार ने प्रदर्शन के दौरान मृत किसानों के आश्रितों को मुआवजे की मांग पर स्थिति साफ कर दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रदर्शन के दरम्यान मृत किसानों को मुआवजा देने का सरकार का कोई विचार नहीं है। सनद रहे कि सरकार निरंतर किसानों से आंदोलन समाप्त करने की आपील कर रही है। अब तक सरकार और किसानों के मध्य कई दौर की वार्ता हो चुकी है, मगर वार्ता का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। दोनों पक्षों में गतिरोध कायम है।
















