हिंसा : थाने पर पथराव, एसपी दफ्तर में तोड़-फोड़

बिहार के मुंगेर में बवाल, वाहनों में लगाई आग

पटना। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी के बीच मुंगेर में वीरवार को उग्र भीड़ ने जमकर बवाल मचाया। मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दरम्यान पुलिस फायरिंग से नाराज नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और एसडीओ आवास में तोड़-फोड़ तक कर दी। हुड़दंगियों ने थाने पर पथराव कर कुछ वाहनों में आग भी लगा दी। ऐसे में हालात तनावपूर्ण हो गए। सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। मुंगेर में कुछ दिन पहले मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान फायरिंग होने से एक युवक की मौत हो गई थी। कुछ युवकों के घायल होने की खबर सामने आई थी। इस घटना पर विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार की काफी आलोचना की थी। राजद और लोजपा ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनरल डायर तक बता दिया था। फायरिंग से नाराज नागरिक निरंतर दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे खफा नागरिकों ने वीरवार को सड़कों पर उतर कर बवंडर मचाया। आरोप है कि उग्र भीड़ ने जिला मुख्यालय में एसपी कार्यालय और एसडीओ आवास में जमकर तोड़-फोड़ की। कुछ गाडिय़ों में आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारियों ने थाने पर पथराव भी किया। उपद्रव और आगजनी की घटना के बाद शहर का माहौल बेहद तनावपूर्ण है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स को भेजा गया है। हालात को शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस जुट गई है। बता दें कि मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद से एसपी लिपि सिंह को हटाने की मांग हो रही है। बिहार विधान सभा में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के साथ उच्च न्यायालय के किसी सेवानिवृत जज से पूरी घटना की जांच की मांग की थी।