गाजियाबाद में डिप्टी सीएम ने केशव प्रसाद मौर्य ने बोले अब जम्मू कश्मीर में भी करेंगे कश्यप जयंती का आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कश्यप समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को घंटाघर रामलीला मैदान, गाजियाबाद में महर्षि कश्यप महाकुंभ का भव्य आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के कश्यप निषाद समाज के संगठनात्मक नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया बल्कि राजनीतिक और सामाजिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम की अगुवाई उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और कश्यप निषाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कड़ी धूप और गर्म मौसम के बावजूद कार्यक्रम में हजारों की संख्या में विभिन्न राज्यों से आए महिला-पुरुष, युवा, बुजुर्ग और कश्यप समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे मैदान में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। यह आयोजन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों के कश्यप समाज के लोगों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा।

कश्यप समाज की बढ़ती सशक्तता का प्रतीक: उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने भाषण में कहा कि कश्यप समाज आज देशभर में अपनी पहचान को मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि कश्मीर नाम भी महर्षि कश्यप के नाम पर पड़ा है। मौर्य ने कहा, अब जब देश में भाजपा की सरकार है, तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक कहीं भी तिरंगा लहराना आसान है। अगली बार से महर्षि कश्यप जयंती का आयोजन कश्मीर में क्यों न किया जाए? इस प्रस्ताव पर आयोजक नरेंद्र कश्यप ने तत्काल सहमति जताई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ समर्थन दिया।

नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व की चारों ओर सराहना
कार्यक्रम की भव्यता और सुव्यवस्था को देखते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग, शहर विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित मंच पर मौजूद सभी गणमान्य नेताओं ने नरेंद्र कश्यप की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक या सामाजिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का एक सशक्त उदाहरण है।

राजनीतिक संदेश भी हुआ प्रेषित: 2027 के लिए मांगा आशीर्वाद
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने 2025 में होने वाले लोकसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए 2027 के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बने और उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार की हैट्रिक हो। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा अब समाप्तवादी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और भ्रष्टाचार हावी थे, जबकि आज प्रदेश में कानून का राज है। उन्होंने संसद में अमित शाह द्वारा अखिलेश यादव को दिए जवाब का समर्थन करते हुए कहा कि वह एकदम सटीक और प्रभावशाली था।

महर्षि कश्यप की लघु डॉक्यूमेंट्री और जीवन दर्शन हुआ प्रस्तुत
कार्यक्रम में सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे भी उपस्थित रहे। समर कूल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सिविल डिफेंस के चीफ वॉर्डन ललित जायसवाल, उद्योगपति व भाजपा नेता अतुल जैन और अशोक अग्रवाल, दिल्ली 6 मॉल के चेयरपर्सन पंकज जैन सहित शहर की कई नामचीन हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में महर्षि कश्यप के जीवन, उनके योगदान और समाज को दिए गए मूल्यों पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने बहुत सराहा। इससे उपस्थित लोगों को महर्षि कश्यप की ज्ञान, विज्ञान और सामाजिक समरसता में भूमिका की गहन जानकारी मिली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सागर कश्यप और डॉ. सौरभ जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया। समापन के अवसर पर नरेंद्र कश्यप ने सभी गणमान्य अतिथियों, उपस्थित जनता और संगठन के पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि कश्यप समाज का यह जागरण अभियान भविष्य में और भी बड़े स्तर पर जारी रहेगा।