विकसित गाजियाबाद 2047: नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की योजनाओं को मिला मुख्यमंत्री का समर्थन

• महापौर सुनीता दयाल ने स्वागत किया, शहर को शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ पर जताया आभार
• नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पेश किया 2047 तक विकसित गाजियाबाद का विस्तार योजनाबद्ध प्लान
• टीएसटीपी प्रोजेक्ट और शहर की आधुनिक सफाई व्यवस्था पर प्रस्तुतीकरण, जनप्रतिनिधियों ने किया सराहना
• सीवर मैंन हॉल सफाई में आधुनिक तकनीकी से लैस रोबोट का शुभारंभ, नगर निगम की पहल से नागरिकों को राहत
• नगर आयुक्त की कार्यशैली और रणनीतिक योजना ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का ध्यान किया आकर्षित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के भविष्य और विकसित गाजियाबाद 2047 के रोडमैप का विस्तारपूर्वक प्रस्तुतीकरण किया।
नगर आयुक्त ने अपने प्रस्तुतीकरण में नगर निगम की पूरी रणनीति और 2047 तक नगर को पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं को स्पष्ट रूप से दर्शाया। इस योजना में शहर के हर क्षेत्र में विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और तकनीकी नवाचार शामिल हैं। नगर आयुक्त की कार्यशैली में स्पष्टता, योजनाबद्ध दृष्टिकोण और व्यवहारिक कार्यान्वयन की झलक देखने को मिली, जिसे माननीय मुख्यमंत्री, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सराहा। महापौर सुनीता दयाल ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि गाजियाबाद नगर निगम शासन की योजनाओं को शहर में सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महापौर ने नगर आयुक्त की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि योजनाओं को सटीक और समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करना उनके नेतृत्व की सफलता का प्रमाण है। नगर आयुक्त द्वारा टीएसटीपी प्रोजेक्ट की प्रगति पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से शहर के नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं और नगर निगम योजनाओं को तेजी से लागू कर रहा है। जनप्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त की कार्यकुशलता और योजनाओं की प्रभावशीलता पर विशेष सराहना की। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त की पहल पर आधुनिक तकनीकी से लैस रोबोट का भी शुभारंभ किया गया। महापौर ने माननीय मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा रोबोट के संचालन की शुरुआत करवाई। नगर आयुक्त ने बताया कि इस रोबोट के माध्यम से सीवर मैंन हॉल की सफाई में तेजी आएगी और जान-माल के जोखिम से सुरक्षा सुनिश्चित होगी। रोबोट 35 फिट गहरी लाइनों में भी कार्य कर सकेगा और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाएगा।
यह परियोजना गाजियाबाद शहर के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लाई गई है और सफल होने पर नगर निगम की पांचों जोन में अलग-अलग रोबोट लगाए जाने की योजना है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अपने विस्तृत प्रस्तुतीकरण में शहर की योजनाओं की बारीकियों, उनकी समयबद्ध क्रियान्वयन प्रक्रिया और प्रत्येक परियोजना का लाभ जनता तक पहुँचाने के तरीके को स्पष्ट किया। उनके सटीक, योजनाबद्ध और तकनीकी दृष्टिकोण ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।
मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और वी ए टेक वेबग लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड अनुज त्रिपाठी भी मौजूद थे। महापौर और नगर आयुक्त ने मिलकर मुख्यमंत्री का धन्यवाद प्रकट किया और कहा कि नगर निगम की योजनाएं शहर के नागरिकों के जीवन में सुधार और सुविधाओं की सुलभता सुनिश्चित करेंगी। इस कार्यक्रम ने स्पष्ट कर दिया कि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्यशैली, योजनाओं की तैयारी और तकनीकी दृष्टिकोण गाजियाबाद को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।