-11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांतीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में होगी बैठक
-जीडीए सभागार में पहली बार प्रदेश के सभी 22 विकास प्राधिकरणों से संगठन के पदाधिकारी होंगे शामिल
गाजियाबाद। प्रदेश के विकास प्राधिकरण कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा व्यय, पेंशन, दैनिक वेतन, वर्कचार्ज एवं संविदा कर्मचारियों का विनियमितीकरण आदि 11 सूत्रीय मांगों को पूरा कराए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण संयुक्त संगठन के पदाधिकारी 21 सितंबर को हुंकार भरेंगे। जीडीए सभागार में 21 सितंबर शनिवार को पहली बार प्रदेश के सभी 22 विकास प्राधिकरणों से संगठन के पदाधिकारी बैठक में शामिल होंंगे।
जीडीए कर्मचारी संगठन कार्यालय में गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के अध्यक्ष श्रीचंद सारस्वत, महामंत्री महेश पाल सिंह,उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, नरेश कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि जीडीए सभागार में पहली बार उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण कर्मचारी संयुक्त संगठन लखनऊ के प्रांतीय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में 21 सितंबर को सुबह 11 बजे से बैठक होगी।
उन्होंने बताया कि विकास प्राधिकरण कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगें लंबित है। प्रदेश शासन स्तर से इन मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इन मांगों में चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति,दैनिक वेतन, वर्कचार्ज और संविदा कर्मचारियों का विनियमितीकरण,विकास प्राधिकरण केंद्रीयत सेवा नियमावली की मंजूरी, ग्रेच्युटी, पेंशन आदि 11 सूत्रीय मांगों को प्रदेश शासन से जल्द निस्तारण किए जाने की मांग को लेकर जीडीए सभागार में प्रदेश स्तर की बैठक होगी। बैठक के बाद प्रस्ताव पारित कर मांग पत्र शासन को भेजा जाएगा। बैठक में संयुक्त संगठन के लगभग 80 पदाधिकारी उपस्थित होंगे।
जीडीए कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष श्रीचंद सारस्वत ने बताया कि वर्ष-2021 से कर्मचारियों की लंबित मांगे चली आ रही है। इसको लेकर बैठक का आयोजन किया जा रहा है। शासन स्तर की इन मांगों को लेकर बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें सुपरवाइजर की मांग भी शामिल है। एसीपी, पेंशन आदि इन मांगों को लेकर 22 विकास प्राधिकरणों से संगठन के पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश तिवारी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इन मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर आहवान किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान देवानंद शर्मा, नरेश कौशिक, राजेश मिश्रा, प्रभात कुमार, ओमप्रकाश, कुलदीप कौर, पवन कुमार सक्सेना आदि उपस्थित रहे।
















