-सड़क, इंटरलॉकिंग टाइल्स और पाइपलाइन मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
-स्वच्छता, कचरा निस्तारण और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने का आह्वान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने शनिवार को ग्राम पंचायत डासना देहात से नगर पंचायत डासना होते हुए मसूरी को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), तहसीलदार सदर, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना प्रबंधक, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत डासना, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), संबंधित हल्का लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव मौके पर मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि एनएचएआई की भूमि की शीघ्र पैमाइश कर स्थिति स्पष्ट की जाए, जिससे विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। नगर पंचायत डासना के अधिशासी अधिकारी को सड़क किनारे स्थित खाली भूमि की तत्काल सफाई कराकर उसके समुचित सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए।
निजी आईटीआई के समीप स्थित मुख्य सड़क पर यातायात सुगमता एवं सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़क के एक ओर नगर पंचायत डासना तथा दूसरी ओर एनएचएआई द्वारा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने के निर्देश प्रदान किए गए। इसके साथ ही नगर पंचायत डासना, जल निगम एवं एनएचएआई को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क के नीचे क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराते हुए सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा गया। मसूरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में जमा कूड़े का निस्तारण कराते हुए सौंदर्यीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने होटल, ठेले एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से निर्धारित यूजर चार्ज की वसूली सुनिश्चित करने तथा डस्टबिनों से समयबद्ध कूड़ा संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया। इसके अतिरिक्त डासना देहात स्थित आरआरसी सेंटर के समीप नगर पंचायत से संबंधित कूड़े के पृथक निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा गया कि इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता, यातायात सुगमता एवं सौंदर्यीकरण से आमजन को सीधा लाभ मिलना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
















