उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस के ढाबे पर शराब पिला रहे संचालक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी जायका चिकन की आड़ में आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगाने का काम कर रहा था। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। साथ ही बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले ढाबा, होटल एवं बार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए रात्रि अभियान के तहत छापेमारी की जा रही है। त्योहार का सीजन सकुशल संपन्न कराने के साथ आबकारी विभाग ने एक बार फिर से रात्रि अभियान में तेजी लाते हुए अपनी कार्रवाई को धार देना शुरू कर दिया है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन में जिले में आबकारी विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें भी लगातार दबिश, एवं चेकिंग कर रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए टीमें दिल्ली व हरियाणा बॉर्डर पर 24 घंटे पहरा दे रही है। बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम द्वारा थाना बिसरख क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग एवं दबिश दी गई। चेकिंग के दौरान थाना बिसरख स्थित ढाबा जायका चिकन पर लोगों को अवैध रुप से शराब पीते हुए पाया गया। जब ढाबा संचालक प्रमोद कुमार पुत्र दरियाव सिंह निवासी चिपियाना फाटक से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह दिखा नहीं सका। वहीं मौके शराब पी रहे लोग टीम को देखकर मौके से भाग गए।
ढाबा मालिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। साथ ही टीम को भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि रात में अवैध रुप से शराब पिलाने वाले ढाबा मालिक व होटल, बार और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं दबिश दे रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रहने के सख्त निर्देश दिए गए है। रात्रि अभियान के तहत ढाबा, होटल, रेस्टोरेंट एवं बार संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि बिना लाइसेंस के किसी को भी शराब का सेवन न कराएं। अगर बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराते हुए कोई संचालक पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















