डीआईजी चंद्रप्रकाश की पत्नी ने खुदकुशी की

लखनऊ में गोल्फ सिटी सोसाइटी की घटना

लखनऊ। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) चंद्रप्रकाश की पत्नी पुष्पा प्रकाश ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उनके आवास से पुष्पा का शव बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूरे प्रकरण की जांच चल रही है। खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। डीआईजी चंद्रप्रकाश लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी सोसाइटी में सपरिवार रहते हैं। हाथरस कांड में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) में भी वह शामिल हैं। चंद्रप्रकाश की पत्नी पुष्पा प्रकाश की घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुष्पा ने शुक्रवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या की है। गोल्फ सिटी सोसाइटी की तरफ से इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। सोसाइटी परिसर में भी एकाएक अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर उन्हें आनन-फानन में लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंद्रप्रकाश फिलहाल पीटीसी उन्नाव में डीआईजी पद पर तैनात हैं। डीसीपी पूर्वी चारू निगम ने बताया कि डीआईजी चंद्रप्रकाश की पत्नी पुष्पा प्रकाश (36) ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में एकाएक शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि हाथरस कांड की जांच के लिए गठित एसआईटी में डीआईजी चंद्रप्रकाश को भी शामिल किया गया है। वह तेज-तर्रार एवं स्वच्छ छवि के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हैं। हाथरस कांड की जांच चल रही है।