बॉलीवुड को अलविदा कर गईं देबदत्ता बनर्जी
कोलकाता। बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सुनने को मिली है। फिल्म डर्टी पिक्चर की अभिनेत्री आर्या बनर्जी का निधन हो गया है। फ्लैट के भीतर आर्या का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना आरंभ कर दी है। फिल्म डर्टी पिक्चर में आर्या बनर्जी (33) ने अभिनेत्री विद्या बालन के साथ काम किया था। पुलिस ने बताया कि आर्या कोलकाता के जोधपुर पार्क एरिया में अपार्टमेंट में रहती थीं। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर आर्या बनर्जी का शव बाहर निकाला। आर्या का पूरा नाम देबदत्ता बनर्जी था। वह सितार वादक निखिल बनर्जी की बेटी थीं। पुलिस ने बताया कि आर्या ने भीतर से कमरा बंद कर रखा था। आस-पड़ोस के नागरिकों द्वारा दरवाजा खट-खटाने और आवाज लगाने पर भी आर्या ने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। बाद में उन्हें फोन लगाया गया, मगर आर्या की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया ना मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। फ्लैट में वह अकेली रहती थीं। पुलिस ने उनके फ्लैट से कुछ दवाइयां और शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। पुलिस ने आर्य की मौत को प्राकृतिक माना है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आर्या बनर्जी ने डर्टी पिक्चर के अलावा राजकुमार राव की फिल्म लव सेक्स और धोखा में भी काम किया था। इस साल बॉलीवुड इंडस्ट्री को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। पिछले कुछ माह के भीतर कई दिग्गज कलाकारों की मौत हो चुकी हैं। इनमें इरफान खान, ऋषि कपूर, सुशांत सिंह राजपूत, एस.पी. बालासुब्रमण्यम आदि शामिल हैं। उधर, अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा को स्ट्रोक आने के बाद जुहू के कूपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि मशहूर डांसर एवं कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा को हार्ट अटैक की शिकायत पर मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
















