उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस में शीर्ष स्तर पर जारी आंतरिक कलह सोमवार को खुलकर सामने आ गई। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में राहुल गांधी के बयान ने कुछ वरिष्ठ नेताओं को आहत कर दिया। नाराज कपिल सिब्बल ने एकाएक ट्वीट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है। हालांकि विवाद बढऩे के बाद डैमेज कंट्रोल की कोशिशें भी तेज हो गईं। वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मौजूदा वक्त में कांग्रेस को एकजुट रहने की जरूरत बताई। कांग्रेस के 23 वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को सोनिया गांधी को पत्र लिखा था। पत्र में कांग्रेस को प्रभावी नेतृत्वकर्ता की आवश्यकता बताई गई थी। सियासी गलियारों में इस पत्र को गांधी परिवार को चुनौती देना माना जा रहा है। उधर, दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में सोनिया गांधी ने अपने पद से इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद झुंझलाए राहुल गांधी ने कई नेताओं पर भाजपा से मिलीभगत होने का आरोप मढ़ दिया। राहुल ने कुछ नेताओं द्वारा लिखे गए पत्र की आलोचना कर इसकी टाइमिंग पर सवाल उठाया। उन्होंने सीडब्ल्यूसी के सामने कहा कि जब सोनिया जी बीमार थीं और राजस्थान सरकार को बचाने की कोशिश चल रही थी, ऐसे समय पर पत्र क्यों लिखा गया ? राहुल के इन आरोपों से अचानक घमासानी मच गया। वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। कपिल सिब्बल ने भी राहुल के आरोपों पर नाराजगी जताई। सिब्बल ने बैठक के दरम्यान ट्वीट कर दिया। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी कह रहे हैं, हम भाजपा से मिले हुए हैं। मैंने राजस्थान हाईकोर्ट में कांग्रेस का सही पक्ष रखा। मणिपुर में पार्टी को बचाया। पिछले तीन दशक में ऐसा कोई बयान नहीं दिया जो किसी भी मसले पर भाजपा को लाभ पहुंचाएगा। हालांकि बाद में कपिल सिब्बल ने अपना यह ट्वीट वापस ले लिया। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि राहुल गांधी ने व्यक्तिगत तौर पर पूरी बात बताई। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम पर चिंता जाहिर कर मौजूदा वक्त में कांग्रेस को एकजुट होने की सलाह दी है। वहीं, 23 वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयानबाजी पर राहुल गांधी बुरी तरह घिर गए हैं। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक का मकसद पीछे छूट गया है। यह बैठक पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। पार्टी में डैमेज कंट्रोल के प्रयास भी तेज हो गए हैं।
















