याचिका दायर, सीबीआई जांच की उठी मांग
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियानी की मौत की सीबीआई जांच की मांग ने भी जोर पकड़ लिया है। सुशांत के दोस्त ने इस बावत बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका पर कोर्ट का अभी कोई रूख सामने नहीं आया है। मुंबई के मलाड में विगत 8 जून 2020 को दिशा सालियान की मौत हो गई थी। वह मलाड में बहुमंजिला आवासीय टावर में रहती थीं। पुलिस ने दावा किया था कि दिशा ने इमारत की 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। इस घटना के कुछ दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई थी। सुशांत की मौत की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। दिशा काफी समय तक सुशांत की मैनेजर रही थीं। सुशांत के दोस्तों का मानना है कि दिशा सालियान ने खुदकुशी नहीं की थी। सुशांत सिंह के दोस्त सुनील शुक्ला ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में दिशा सालियान की मौत की सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि सुशांत और दिशा दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। दोनों की मौत में कोई संबंध है। मुंबई पुलिस ने दिशा की मौत की जांच करते वक्त विभिन्न पहलुओं पर विचार नहीं किया है। सुनील का दावा है कि उनके पास ऐसे कई दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे यह साबित होता है कि सुशांत और दिशा मार्च और अप्रैल 2020 के बीच कई बार एक-दूसरे से मिले थे। सुनील ने याचिका में कहा है कि सीबीआई सुशांत सिंह प्रकरण की जांच कर रही है। जांच एजेंसी को दिशा सालियान की मौत पर भी विचार करना चाहिए। बता दें कि दिशा सालियान के परिवार ने इस मामले पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। परिवार ने काफी समय पहले कहा था कि सुशांत और दिशा की मौत में कोई संबंध नहीं है।














