कोर्ट पहुंचा मामला, अभिनेता के खिलाफ याचिका
नई दिल्ली। मां सीता पर विवादित बयान देने के बाद क्षमा याचना करने के बावजूद बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की मुश्किलें कम नहीं हो सकी हैं। सैफ के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की गई है। 23 दिसम्बर को इस प्रकरण की सुनवाई निर्धारित की गई है। निर्देशक ओम राउत की फिल्म आदिपुरूष कानूनी झमेले में फंसती दिखाई दे रही है। दरअसल फिल्मकार ओम राउत और अभिनेता सैफ अली खान के खिलाफ उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) की कोर्ट में याचिका दायर की गई है। सिविल कोर्ट के अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव ने अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह के जरिए धारा 156 (3) के तहत आवेदन किया है। दायर याचिका के मुताबिक हिमांशु श्रीवास्तव सनातन धर्म में अपनी गहरी आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा है कि भगवान राम को अच्छाई और लंकापति रावण को बुराई का प्रतीक माना जाता रहा है। इस संदर्भ में प्रतिवर्ष दशहरा के पर्व का पालन किया जाता है। भगवान राम पर आधारित फिल्म आदिपुरूष में सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया है। अभियोजक का कहना है कि गत 6 दिसंबर को मीडिया में दिए साक्षात्कार में अभिनेता सैफ ने कहा था कि चूंकि लक्ष्मण द्वारा रावण की बहन सुपर्णखा की नाक काटी थी, इसलिए रावण द्वारा सीता का अपहरण किया जाना न्यायसंगत है। खान ने साक्षात्कार में यह भी कहा था कि इस फिल्म के जरिए रावण के अच्छे स्वभाव और मानवीय पक्ष का प्रदर्शन किया जाएगा। बता दें कि सैफ अली खान का यह बयान सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। विरोधियों ने सैफ की मानसिकता पर सवाल उठाए थे। विवाद गहराने पर अभिनेता को अपनी गलती का अहसास हो गया। उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी। हालांकि मामला अभी भी निपटता दिखाई नहीं दे रहा है। इससे सैफ की मुश्किलें बढऩा तय हैं।
















