जिला आबकारी अधिकारी ने ओवर रेटिंग को लेकर शराब की दुकानों में की छापेमारी

-आबकारी अधिकारी के निरीक्षण से विक्रेताओं में मचा हड़कंप
-पीओएस मशीन से बिक्री नहीं करने पर विक्रेता के खिलाफ होगी कार्रवाई: सुबोध श्रीवास्तव

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब का कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ अब आबकारी अधिकारी खुद सड़क पर उतर आए है। जहां उन्होंने आबकारी निरीक्षकों के साथ वाहनों की चेकिंग एवं शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश दी। इसके अलावा कार्यालय में अनुज्ञापियों को नियमों का पाठ पढ़ाने के बाद शराब की दुकानों पर पहुंचकर उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाया। शराब की दुकान पर आबकारी अधिकारी के निरीक्षण से अनुज्ञापियों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। घंटो शराब की दुकानों की चेकिंग के दौरान उन्होंने अनुज्ञापियों को दुकान में साफ सफाई रखने के सख्त निर्देश दिए। हिदायत दिया कि साफ सफाई के अलावा ठेका के पास भीड़ कतई ना लगवाएं। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अनुज्ञापियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यमों पर पेमेंट लेने व ऑनलाइन पेमेंट के सभी माध्यमों का प्रयोग करने के भी निर्देश दिए। अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीमें मैदान में मोर्चा संभाले हुए हैं। शराब माफिया से निपटने के लिए हर संभव तैयारी की गई है। किसी भी चुनौती से निपटने के लिए विभाग तैयार है। अवैध शराब का निर्माण, परिवहन एवं बिक्री रोकने को दिन-रात चौकसी बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। शराब तस्करों के अलावा उनके गुर्गों के विषय में भी पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं जिला आबकारी अधिकारी इन दिनों सड़कों पर उतर कर चेकिंग कर रहे है। साथ दुकानों का भी खुद औचक निरीक्षण कर रहे है। जिला आबकारी अधिकारी के निरीक्षण से अनुज्ञापियों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए बुधवार शाम को आबकारी निरीक्षकों की टीम द्वारा सेक्टर 18, सेक्टर 28,नया बांस, सेक्टर 1 स्थित देसी, विदेशी, बियर दुकानों व मॉडल शॉप का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी द्वारा अनुज्ञापियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यमों पर पेमेंट लेने व ऑनलाइन पेमेंट के सभी माध्यमों का प्रयोग करने के लिए निर्देश दिए। पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक विक्रय के लिए विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही यह चेतावनी दी गई यदि किसी दुकान के विक्रेता द्वारा जानबूझकर पीओएस मशीन से विक्रय नहीं किया जाएगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। दुकान पर उपस्थित विक्रेताओं को इस बात के लिए भी निर्देशित किया कि वो विक्रेता पहचान पत्र अवश्य ही अपने पास रखें।

अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा की बिक्री में आबकारी नियमों एवं निर्देशों का कठोरता से अनुपालन करने के लिए निर्देशित किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों को सबक सिखाने के लिए विभाग प्रत्येक मोर्चे पर जुटा है। अवैध शराब की तस्करी से संबंधित सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की गई है। रणनीति के आधार पर काम चल रहा है। इसी क्रम में दिन-रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हाईवे और चेक पोस्ट पर निकलने वाले सभी वाहनों को चेक करने के बाद आगे जाने दिया जा रहा है। साथ ही विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि ओवररेटेड व अवैध बिक्री की शिकायत मिली लाइसेंस निरस्त कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। नियमानुसार शराब की दुकानों का संचालन किया जाए। आसपास के लोगों व शराब के शौकीनों से भी विक्रेताओं के व्यवहार की जानकारी ली। इस दौरान शराब की बोतलों की सील भी चेक की और बिक्री रजिस्टर और आपूर्ति रजिस्टरों आदि का मिलान किया।