-शिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण करें निस्तारण: राकेश कुमार सिंह
गाजियाबाद। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित हुए तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें एवं समस्याएं लेकर आए पीडि़तों की संख्या अधिक होने के चलते उनकी समस्याओं का निस्तारण कम हुआ। ऐसे में पीडि़तों को कैसे न्याय मिल सकेगा। शनिवार को नेहरूनगर स्थित सामुदायिक केंद्र में सदर तहसील का आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने डीसीपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह,एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह,तहसीलदार रवि सिंह,सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव आदि अधिकारियों की मौजूदगी में पीडि़तों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 42 शिकायतें दर्ज हुई। इनमें से सिर्फ 8 शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों की शिकायतों का समय पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी के समक्ष आई 42 शिकायतों में राजस्व विभाग की 17, पुलिस-9, जीडीए-6, नगर निगम-5 शिकायतों के अलावा विद्युत विभाग,सिंचाई विभाग,श्रम विभाग,बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीएमओ से संबंधित एक-एक शिकायत दर्ज कराई। इनमें से मौके पर सिर्फ 8 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। बाकी 34 शिकायतों को मौके पर ही उपस्थित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त कराई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि समय से उक्त समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए। आगामी संपूर्ण समाधान दिवस में यह शिकायतें दोबारा नहीं आनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण अधिकारियों द्वारा निस्तारण किया जाएगा। लोनी तहसील में एडीएम प्रशासन रण विजय सिंह की अध्यक्षता एवं एसडीएम अरूण दीक्षित की मौजूदगी में पीड़ित की शिकायतें सुनीं गई। इस दौरान कुल 81 शिकायतें दर्ज की गई।इनमें से मौके पर सिर्फ 5 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। वहीं, मोदीनगर तहसील में एसडीएम संतोष कुमार राय ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनीं। इस दौरान 35 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
















