डीएम व नगर आयुक्त ने किया कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण

-कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान ना हो कोई असुविधा: इन्द्र विक्रम सिंह
-शिव भक्तों की सेवा में 24 घंटे तैनात रहेंगे सफाई कर्मचारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। भगवान भोले की कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद में तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। लाखों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों गाजियाबाद से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। कावड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कावडिय़ों की सहूलियत के लिए गाजियाबाद में हर साल पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जाते हैं। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बुधवार दोपहर डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व कई विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। गंगनहर घाट, कांवड़ मार्ग तथा गंगनहर पटरी मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने सीसीटीवी कैमरे लगाने और कांवड़ मार्ग को शीघ्र ही गड्ढा मुक्त कराए जाने के भी आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था की जाए। इस दौरान ग्राम भीखनपुर पाइपलाइन रोड पर स्थित नगर निगम द्वारा संचालित ठोस अपशिष्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया।

डीएम ने कहा कि प्रोसेसिंग प्लांट की तत्काल अस्थाई बाउंड्रीवाल बनाई जाए एवं कावड़ शिविर मार्गों को गड्ढा मुक्त करने के लिए मुख्य अभियन्ता निर्माण नगर निगम को निर्देश दिए। मार्ग पर संचालित होने वाले कांवड़ शिविरों को प्लास्टिक फ्री रखने के लिए निर्देशित किया। साथ ही शिविरों से नियमित कूड़ा उठाने के लिए डोर-टू-डोर वाहन चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कावंड यात्रियों को किसी भी प्रकार से कोई भी असुविधा का सामना ना करना पड़े, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। कांवड़ मार्ग से सड़क किनारे खड़ी घास को काटने, बिजली विभाग को कांवड़ मार्ग पर स्थित प्रत्येक विद्युत पोल को कवर करने, सफाई व पानी की व्यवस्था कराने के भी आदेश दिए। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को किसी भी प्रकार परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व ही नगर निगम से सम्बंधित कांवड़ यात्रियों के लिए सभी सुविधाऐं एवं व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएगी।

कांवड़ यात्रा को लेकर सभी विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। दुहाई से लेकर साईं उपवन तक कांवड़ मार्ग को पांच हिस्सों में बांटा गया है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए नगर निगम दो जगह नियंत्रण कक्ष बनाएगा, जिनमें एक दूधेश्वरनाथ मंदिर और दूसरा चौधरी चरण सिंह तिराहा मेरठ रोड नियंत्रण कक्ष शामिल है। यहां तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इनके नाम और मोबाइल नंबर भी जारी कर दिए गए है। कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे। क्षतिग्रस्त मेनहॉल और सीवरों के टूटे ढक्कनों को बदलने का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से अनुमति प्राप्त शिविरों में निगम की ओर से जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। दूधेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कराई जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मंदिर गंगाजल भी उपलब्ध कराया जाएगा। साईं उपवन में कांवड़ यात्रियों के रुकने के लिए नगर निगम की तरफ से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इंतजाम कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनेन्द्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, जीएम जलकल आनन्द, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।