-कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याएं ध्यान से सुनकर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस जनसुनवाई में विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपने आवेदन जिलाधिकारी को सौंपे। समस्याओं में भूमि विवाद, पेंशन, बिजली, सड़क, नाली और सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान कर जनता को राहत देना है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रणविजय सिंह भी उपस्थित रहे। एडीएम ने भी कुछ मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की और समाधान की प्रक्रिया को तेज करने को कहा। डीएम मीणा ने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता हमारी जिम्मेदारी है। समस्याओं का समाधान ही शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















