-जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना, अधिकारियों को चेताया- ‘हर शिकायत का हो प्रभावी समाधान’
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा एक बार फिर अपनी सक्रिय कार्यशैली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए नजर आए। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने आम जनता की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का न केवल समयबद्ध, बल्कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम मीणा ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याएं सर्वोपरि हैं और उनका समाधान ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान किसानों से भी वार्ता कर उनकी समस्याओं को समझा और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित शिकायतकर्ताओं और आवेदनकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हर समस्या को गंभीरता से ले रहा है और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट और जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। डीएम दीपक मीणा की कार्यशैली में पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश मिलता है, जो प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनाता है।















