-समस्या सुनें, समझें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें: जिलाधिकारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने नियमित जनसुनवाई करते हुए जनता की समस्याओं को सीधे सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। जनसुनवाई में प्रतिदिन बढ़ती भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता को अब अपनी बात सीधे जिलाधिकारी तक पहुंचाने का भरोसा मिल रहा है। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग समेत कई अन्य विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने हर शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना, समस्या की पृष्ठभूमि जानी और पूछा कि क्या इस विषय में पहले भी कोई पत्र दिया गया था।
जिलाधिकारी ने मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए, गहराई से समझा जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। डीएम ने सभी प्रार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय और एसडीएम लोनी राजेन्द्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
















