-तीनों रूटों पर 75 बसें चलाई जाएंगी, परिवहन निगम ने तय किए रूट
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के साथ बॉटेनिकल गार्डेन से एयरपोर्ट तक डबल डेकर बसें चलेंगी। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने तीन रूट फाइनल किए हैं। एयरपोर्ट यात्रियों के साथ इन बसों का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। इन रूट अगर विभाग को घाटा आता है तो उसकी भरपाई यमुना प्राधिकरण करेगा।
बहुत जल्द नोएडा एयरपोर्ट का संचालन शुरू होगा। एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी को लेकर यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को एक नई गति मिलने जा रही है। अब नोएडा एयरपोर्ट से नोएडा तक की सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं। यह निर्णय न केवल यात्रियों के लिए राहतकारी होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इन बस सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स, स्थानीय दुकानदारों और कर्मचारियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर होगा। विद्यार्थियों और बुजुर्गों को भी परिवहन में सुविधा मिलेगी। ग्रेटर नोएडा, नोएडा के अलावा रबूपुरा, दनकौर, कुलेसरा, भंगेल गांव जैसे क्षेत्रों के लोग इन बस सेवाओं से सीधा लाभ उठा सकेंगे। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, परी चौक, जिलाधिकारी कार्यालय, जगत फार्म और सूरजपुर जाने वाले दैनिक यात्रियों को भी इससे काफी सुविधा मिलेगी।
ये रूट बनाए गए
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने नोएडा एयरपोर्ट से बॉटेनिकल गार्डन तक डबल डेकर बसें चलाने के लिए तीन रूट फाइनल किए हैं। पहला रूट रबूपुरा से बॉटेनिकल गार्डन तक होगा। दूसरा रूट यीडा ऑफिस सेक्टर 22 डी से बॉटेनिकल गार्डन तक 51 किलोमीटर का होगा। यह सेवा खासकर नोएडा से कुलेसरा तक रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद सहायक सिद्ध होगी। तीसरा रूट नोएडा एयरपोर्ट से परी चौक तक 42 किलोमीटर का होगा। हवाई यात्रा से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक सुगम और किफायती विकल्प साबित होगी। एयरपोर्ट शुरू होने के दिन से बसेां का परिचालन शुरू हो जाएगा। पहले रूट पर 16, दूसरे रूट पर 24 और तीसरे रूट पर 35 बसें चलेंगी। बस स्टैंड, डिपो सहित तमाम इंफ्रास्ट्रक्चर का डेवलपमेंट यमुना प्राधिकरण करेगा। बस परिचालन में जो भी घाटा होगा, उसकी भरपाई यमुना प्राधिकरण करेगा। हर हाल में बसों का संचालन किया जाएगा।

नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही स्थानीय लोगों का आवागमन बेहतर हो जाएगा।
डॉ अरुणवीर सिंह, सीईओ यीडा
















