शहर के वार्डों में बेहतर होगी पेयजल आपूर्ति

-जलकल विभाग ने पकड़ी गति, निरीक्षण में जुटे अधिकारी

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा वार्डों में पेयजल की आपूर्ति बेहतर तरीके से करने के लिए अब तेजी से काम शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर रहे है। इसी क्रम में गुरुवार को जलकल विभाग के सहायक अभियंता आश कुमार ने क्षेत्र में निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि गारंटी पीरियड से पहले रिबोर हो रहा है तो संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएं। नगर आयुक्त के नेतृत्व में अब जलकल विभाग के कार्यों में गति दिखाई दे रही हैं। लगातार शहर में पाइप लाइनों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। प्रत्येक जोन में रिबोर के कार्यों ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। इसलिए अब संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण भी कर रहे हैं।

नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा अंबेडकर नगर वार्ड-25, वार्ड-58 शिवपुरी, वार्ड-26 माधवपुर, वार्ड संख्या-20 भोपुरा, वार्ड-59 चंद्रपुरी, वार्ड-33 सराय नजर अली, वार्ड-88 गांधीनगर वार्ड-65 विवेकानंद नगर व अन्य क्षेत्रों में इन दिनों तेजी के साथ कार्य चल रहा है। जलकल महाप्रबंधक व सहायक अभियंता जल आदि अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए है कि गारंटी पीरियड से पहले रिबोर होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित फर्म ठेकेदार की है। इसके लिए नगर आयुक्त ने जलकल महाप्रबंधक व जलकल विभाग के सहायक व अवर अभियंता को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।नगर आयुक्त ने शहर में जल आपूर्ति को बेहतर करने के लिए जलकल विभाग को सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। ताकि बेहतर तरीके से वार्डों में पेयजल की आपूर्ति कराई जा सकें।