-स्वाट टीम व मसूरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पैर में गोली लगने से घायल
-ट्रांसपोर्टर अपहरण व फिरौती कांड में वांछित था आरोपी
-तमंचा, कारतूस और चोरी की केटीएम मोटरसाइकिल बरामद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए स्वाट टीम क्राइम ब्रांच और मसूरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद रंगदारी वसूली और अपहरण के मामले में वांछित एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी कुख्यात अनिल दुजाना और बलराम ठाकुर गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। एसीपी क्राइम अमित सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 जुलाई 2025 को मसूरी थाने में एक ट्रांसपोर्टर से जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद 13 जुलाई को उसी ट्रांसपोर्टर का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर फिरौती वसूलने का मामला सामने आया। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार तड़के मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर स्वाट टीम क्राइम ब्रांच और मसूरी थाना प्रभारी अजय चौधरी ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम ने नाहल चौराहे से मुरादनगर जाने वाले गंग नहर पटरी स्थित नीले पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया।
खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अब्बास उर्फ बाबू पुत्र लियाकत अली निवासी ग्राम सांकनी, थाना जहांगीराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा चोरी की केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। एसीपी के अनुसार अब्बास शातिर किस्म का अपराधी है और उसके विरुद्ध मसूरी, बुलंदशहर तथा अलीगढ़ जनपदों के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह मुठभेड़ में मारे जा चुके बलराम ठाकुर गिरोह से जुड़ा रहा है और गिरोह के लिए रंगदारी वसूली, धमकी और अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और गैंग गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में भय और अपराध का माहौल फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को राहत भरा कदम बताया है। उनका कहना है कि इस गिरफ्तारी से रंगदारी और धमकी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा तथा व्यावसायिक गतिविधियों में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा।
















