नोएडा में दौड़ेंगी ई-बसें, 50 इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगी शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था

-सीईओ कृष्णा करुणेश की पहल रंग लाई, रोडवेज ने दी संचालन की सहमति
-बंद रूटों से होगी शुरुआत, मेट्रो और औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर कनेक्शन
-रोडवेज के सहयोग से परियोजना शीघ्र लागू होगी, शहरवासियों को बेहतर, सस्ता परिवहन विकल्प मिल सकेगा

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) के संचालन की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश की प्रभावी पहल से यह परियोजना धरातल पर उतरने वाली है। शुरुआती चरण में 50 ई-बस उपलब्ध कराने पर उत्तर प्रदेश रोडवेज ने सहमति दे दी है। इसको लेकर अगले एक-दो दिनों में नोएडा अथॉरिटी और रोडवेज अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें बसों के रूट, संचालन व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, ई-बस सेवा की शुरुआत उन रूटों से की जाएगी जहां पहले सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध था, लेकिन किसी कारणवश बंद हो गया। इन रूटों को प्राथमिकता देने का उद्देश्य उन यात्रियों को राहत देना है, जो लंबे समय से वैकल्पिक साधनों पर निर्भर हैं। खासतौर पर सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों और मेट्रो स्टेशनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि शहर में आवागमन अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सके। ई-बस सेवा के शुरू होने से न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि यदि लोगों को सुविधाजनक और सुलभ सार्वजनिक परिवहन मिलेगा, तो वे निजी वाहनों के बजाय बस सेवा को प्राथमिकता देंगे। इससे शहर में कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। शुरुआती 50 ई-बसों के संचालन के लिए आवश्यक चार्जिंग स्टेशन, डिपो और अन्य बुनियादी ढांचे को तेजी से विकसित किया जा रहा है।

अथॉरिटी यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बसों के रखरखाव और संचालन के लिए भी विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। इसके अलावा, नगर विकास विभाग की ओर से नोएडा को 100 अतिरिक्त ई-बस उपलब्ध कराने की योजना भी है। हालांकि इन बसों के संचालन में कुछ समय लगेगा और इन्हें शुरू होने में करीब आठ महीने का समय और लग सकता है। इस तरह आने वाले समय में शहर में कुल 150 ई-बसों का नेटवर्क विकसित होने की संभावना है। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि 50 ई-बसों को जल्द से जल्द सड़कों पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रोडवेज के सहयोग से इस परियोजना को शीघ्र लागू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन विकल्प मिल सकेगा।

कृष्णा करुणेश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण

नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए ई-बस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि जल्द से जल्द 50 इलेक्ट्रिक बसें शहर की सड़कों पर संचालित हों, ताकि नागरिकों को सस्ता, सुरक्षित और बेहतर परिवहन विकल्प मिल सके। रोडवेज के सहयोग से इस योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और भविष्य में ई-बस नेटवर्क को और विस्तारित किया जाएगा।
कृष्णा करुणेश 
सीईओ
नोएडा अथॉरिटी