इंडोनेशिया में कांपी धरती, 7 की मौत, 100 घायल

6.2 तीव्रता के भूकंप से देशभर में मचा हड़कंप

जकार्ता। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में शुक्रवार को भूकंप आने से हड़कंप मच गया। भूकंप के कारण कम से कम 7 नागरिकों की मौत होने की खबर मिली है। सुलावेसी द्वीप में अफरा-तफरी मच गई। बाद में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। 100 से ज्यादा नागरिकों के घायल होने की संभावना जाहिर की गई है। इंडोनेशिया की आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 रही। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र मजाने शहर से 6 किलोमीटर दूर उत्तर-पूर्व में था। भूकंप के झटके सिर्फ 7 सेकेंड तक महसूस किए गए, मगर भूकंप के बाद सूनामी की चेतावनी नहीं दी गई है। जबरदस्त भूकंप के कारण कम से कम 7 नागरिकों की जान चली गई। जबकि 100 से अधिक नागरिकों के घायल होने की खबर मिली है। भूकंप के तीव्र झटके लगने से नागरिकों में दहशत फैल गई। प्रभावित क्षेत्र में चीख-पुकार मचने के अलावा भगदड़ जैसे हालात देखने को मिले। बाद में बचाव एवं राहत कार्य तेज कर दिया गया। इससे पहले वीरवार को भी देश के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इससे पहले भी इंडोनेशिया में साल 2004 और 2018 में जबरदस्त भूकंप आया था। 2018 में 7.5 की तीव्रता का भूकंप सुलावेसी द्वीप के पास आया था, जिसमें करीब 4300 नागरिकों की मौत हुई थी। उधर, इंडोनेशिया में 26 दिसंबर 2004 को आए भूकंप की तीव्रता 9.1 रही थी और उस दरम्यान 2.22 लाख नागरिकों की जान चली गई थी। भूकंप के कारण इंडोनेशिया को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ समय से भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। धरती के नीचे निरंतर होती हलचल पर विशेषज्ञों की पैनी नजर है।