-विभिन्न योजनाओं में 250 से अधिक रिक्त पड़ी संपत्ति की 6 नवंबर को होगी नीलामी
गाजियाबाद। विधानसभा उपचुनाव के लिए लगाई गई आचार संहिता का असर जीडीए संपत्ति बेचने पर भी पड़ा है। प्राधिकरण ने 24 और 25 अक्टूबर को होने वाली नीलामी स्थगित कर दी है। अब यह नीलामी छह नवंबर को होगी, जिसमें गाजियाबाद विधानसभा में मौजूद संपत्तियों को शामिल नहीं किया जाएगा। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में 250 से अधिक संपत्ति रिक्त पड़ी है। इन्हें बेचने के लिए 24 और 25 अक्तूबर को नीलामी रखी गई थी।
लेकिन शहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आचार संहिता लगी है। इस कारण कई आवेदक फार्म भी नहीं भर सके हैं। ऐसे में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने निर्देशानुसार इस नीलामी को स्थगित कर दिया गया है। अब नीलामी छह नवंबर को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए आवेदक चार नवंबर तक फार्म भर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर को होने वाली नीलामी में शहर विधानसभा में रिक्त पड़ी संपत्ति को शामिल नहीं किया जाएगा। इस नीलामी में शहर विधानसभा को छोड़कर अन्य जैसे साहिबाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर व लोनी विधानसभा की संपत्ति को बेचा जाएगा।
















