जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती का असर, निरीक्षण पर निकले अधिकारी

-जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी ने भोजपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण
-अवैध निर्माण पर होगी कड़ी कार्रवाई: कनिका कौशिक

गाजियाबाद। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स का जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अनाधिकृत कॉलोनियों को लेकर सख्त कार्रवाई के आदेश के बाद अब अधिकारियों ने निरीक्षण करना शुरु कर दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती के बाद जिले में अवैध निर्माण करने वालों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई तेज हो गई है। शहर में अवैध निर्माण भ्रष्ट अफसरों के लिए कमाई का बड़ा धंधा बना हुआ है। इस भ्रष्टाचार को खत्म करने के साथ-साथ अब जीडीए अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली में प्रवर्तन दिखाई देने लगा है। अब अवैध निर्माण पर कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की खैर नहीं होगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने चार्ज संभालने के बाद से ही जीडीए की आय बढ़ाने और अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

यह कार्रवाई अवैध करने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध निर्माण में लिप्त अधिकारी और कर्मचारियों पर भी शुरु हो गई है। बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी कनिका कौशिक ने सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल, अवर अभियंता योगेंद्र वर्मा, अमीन अमित कुमार आदि के साथ भोजपुर क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए पहुंची। उन्होंने निरीक्षण करते हुए सहायक अभियंता व अवर अभियंता को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए सतत निगरानी रखे। जीडीए से मानचित्र स्वीकृति के बगैर कोई भी अवैध निर्माण व विकास कार्य न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि जीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही कोई भी निर्माण अनुमन्य होगा।

भोजपुर क्षेत्र में अगर कोई अवैध निर्माण, अनाधिकृत कॉलोनी काटी गई तो अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कॉलोनाइजर व निर्माण करने वालों को भी निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में कोई भी निर्माण करना है तो नक्शा पास कराने के बाद ही निर्माण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि अनाधिकृत कॉलोनी व अवैध विवादित निर्माण में मकान, फ्लैट का क्रय-विक्रय न करें। बगैर नक्शा स्वीकृत अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।