नहीं लगेगा गढ़ में गंगा स्नान मेला

कोविड-19 के कारण शासन ने लिया फैसला

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़। वर्तमान में कोविड-19 महामारी की व्यापकता को दृष्टिगत रखते हुए गढ़मुक्तेश्वर में गंगा किनारे लगने वाला कार्तिक पूर्णिमा मेला इस वर्ष आयोजित नहीं होगा। आयोजन न कराने का निर्णय शासन द्वारा लिया गया है। उत्तर प्रदेश शासन के उप सचिव राजेंद्र मणि त्रिपाठी ने जिलाधिकारी अदिति सिंह को शासन के मेला न लगाने के निर्णय से अवगत कराते हुए जिलाधिकारी अदिति सिंह को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए ।जिलाधिकारी अदिति सिंह ने कहा की कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले मेले के दौरान काफी मात्रा में आसपास क्षेत्र के अलावा अन्य प्रदेशों से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। जनपद में प्रतिदिन कोरोना केस निकल रहे हैं ऐसे में कोरोना संकट के मद्देनजर इसको नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।वर्तमान परिस्थितियों मे कोविड-19 के संक्रमण को इतनी बड़ी संख्या में फैलने से रोका जाना आवश्यक है।जिसको देखते हुए शासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा मेला गढ़मुक्तेश्वर के आयोजन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाए। इसलिए जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले को कोरोना वायरस संक्रमण (कोविड-19) को दृष्टिगत रखते हुए इस बार मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा।