-वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को लेकर हापुड़ में हुई अधिकारियों की बैठक, नगर आयुक्त ने साझा की योजनाएं
गाजियाबाद। हापुड़ जनपद के पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद में प्रस्तावित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के निर्माण को लेकर अब कवायद तेज होगी। गुरुवार को जनपद हापुड़ में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी की अध्यक्षता में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जनपद हापुड़ व गाजियाबाद के अधिकारी शामिल हुए। हापुड़ जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा, एसपी अभिषेक वर्मा, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, जीडीए सचिव बृजेश कुमार, हापुड़ सीडीओ, एसडीएम धौलाना, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम एवं नीदरलैंड की कंपनी जीसी इंटरनेशनल कंपनी के प्रतिनिधि सिद्वार्थ एवं क्षेत्र के किसानों के साथ बैठक की।

मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी ने किसानों को समझाते हुए कहा कि गालंद में 45 एकड़ जमीन पर बनने वाले वेस्ट टू-एनर्जी प्लांट में कूड़े से बिजली बनेगी। यहां पर डंपिंग ग्राउंड नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट की अड़चन जल्द दूर की जाए। ताकि इसका निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकें। नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने वेस्ट टू-एनर्जी प्लांट के लिए बनाई गई योजनाओं को साझा किया। गालंद गांव के किसानों के साथ वार्ता की गई। मंडलायुक्त ने क्षेत्र के ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से समझाया कि यहां पर किसी प्रकार का डंपिंग ग्राउंड नहीं बनाया जा रहा है। कूड़ा कचरे का हाई टेक्नोलॉजी से प्रोसेस किया जाएगा।
कूड़े से प्लांट में बिजली बनाई जाएगी। इससे गाजियाबाद और हापुड़ जनपद के लोगों के साथ ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। एनर्जी प्लांट के स्थापित होने से इस क्षेत्र की तरक्की होने के साथ रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि गालंद में नीदरलैंड की जीसी इंटरनेशनल कंपनी द्वारा लगाए जाने वाले वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट में गाजियाबाद और हापुड़ जनपद का कूड़ा-कचरा प्रोसेस किया जाएगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बैठक में कंपनी के आए प्रतिनिधियों के माध्यम से प्लांट को लेकर प्रेजेंटेशन दी गई। इस प्लांट का कैसे निर्माण होगा। कूड़ा प्रोसेस के बारे में विस्तार से बताया गया। गालंद में प्रस्तावित प्लांट का वहां के किसान विरोध कर रहे है। किसानों को समझाने के लिए यह बैठक की गई।
















