बिहार में एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण

पटना शहर में जाम का झाम खत्म, सफर आसान

पटना। बिहार की जनता को महत्वपूर्ण तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दीघा एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण कर दिया। इसके चलते अब उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार के बीच का सफर काफी सुगम हो गया है। कम समय में यह दूरी पूरी की जा सकेगी। इसके अलावा पटना शहर को यातायात जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। एम्स दीघा एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण बिहार राज्य पथ विकास निगम लि. ने किया है। यह सूबे में सबसे बड़ी एलिवेटेड परियोजना है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग-98 के एम्स गोलंबर से आरंभ होकर जेपी सेतु के दक्षिणी छोर पर समाप्त होती है। इसकी कुल लंबाई 12.270 किलोमीटर है। जेपी सेतु से परिचालित होने वाले यातायात को उत्तर बिहार जाने और उत्तर बिहार से नौबतपुर, आरा, बिहटा, औरंगाबाद आदि स्थानों पर जाने में काफी सुविधा मिलेगी। दानापुर रेलवे स्टेशन और फुलवारी शरीफ स्टेशन के मध्य एम्स-दीघा एलिवेटेड कॉरिडोर में पटना-दिल्ली रेलवे लाइन के ऊपर 106 मीटर लम्बे रेल ओवरब्रिज का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। शुरुआत में इस आरओबी की लम्बाई 70 मीटर स्पैन प्रस्तावित थी, मगर रेलवे की तरफ से अतिरिक्त लाइन बिछाने के क्रम में इसकी लम्बाई 70 मीटर से बढ़ाकर 106 मीटर कर दी गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नागरिकों को अब एक ओर से दूसरी तरफ जाने में काफी सुविधा मिलेगी। यह एक रास्ता नहीं है। इसके अलावा भी नीचे से भी आने-जाने का रास्ता है, जिससे आने वाले समय में वाहनों की संख्या बढऩे पर एलिवेटेड सड़क के ऊपर से एक और एलिवेटेड सड़क इस तरह का निर्माण बेहद उपयोगी साबित होगा। मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि बिहार के समुचित विकास के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। प्रस्तावित योजनाओं को समय से पूर्ण कराया जाएगा। इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी और पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय आदि मौजूद रहे।